लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 48 घंटों से जारी भारी बारिश के बीच राहत और बचाव व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखा गया है। प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। प्रशासन को प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने और बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।
36 घंटे बाद मौसम में सुधार की उम्मीद
राहत आयुक्त के मुताबिक अगले करीब 36 घंटे मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। इसके बाद प्रदेश में मौसम के सामान्य होने की संभावना जताई गई है। हालांकि प्रभावित जिलों में प्रशासन को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
63 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
बारिश का असर प्रदेश के बड़े हिस्से में देखने को मिला है। रिपोर्ट के अनुसार 63 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज हुई है। कई क्षेत्रों में मकानों और फसलों को नुकसान की सूचनाएं सामने आई हैं। अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।
नेपाल सीमा से सटे जिलों में विशेष सतर्कता
नेपाल में भारी बारिश को देखते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा से लगे जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और बाढ़ राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिवृष्टि की स्थिति में हेल्पलाइन पर करें संपर्क
उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की वेबसाइट पर आपदा प्रबंधन के लिए 1070 हेल्पलाइन दी गई है। वहीं जिला आपदा प्रबंधन के लिए 1077 और आपातकालीन सेवाओं के लिए 112 उपलब्ध है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





