डीएसओ को सौंपा ज्ञापन: अन्य राज्यों की तुलना में यूपी में सबसे कम लाभांश मिलने से आक्रोश; मिनिमम इनकम गारंटी की उठाई मांग।
महोबा। उत्तर प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं (कोटेदार) का खाद्यान्न एवं चीनी का लाभांश बढ़ाने व मिनिमम इनकम गांरटी दिए जाने के सम्बन्ध में आल इंडियन फेयर प्राइस शाॅप डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को जिलापूर्ति अधिकारी से मुलाकात की। मुलाबात दौरान एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला पूर्ति अधिकारी को सौंपकर कोटेदारों की समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
पूर्ति अधिकारी से मुलाकात दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के कोटेदार शासन के आदेशानुसार खाद्यान्न का वितरण करते आ रहे हैं, लेकिन कोटेदारों का लाभांश 90 रुपये प्रति क्विटल ही दिया जा रहा है, जबकि हरियाणा में 200 रुपये, गोवा में 230 रुपये प्रति क्विटल सहित अन्य प्रदेशों में यहां से ज्यादा लाभांश दिया जा रहा है। बताया कि प्रदेश कोटेदारों को प्राप्त हो रहे लाभांश की मात्रा न केवल अन्य प्रदेशों से न्यूनतम है, जो जीवन निर्वहन एवं परिवार के भरण पोषण के लिए अत्यंत कम है, जिससे कोटेदार अपनी रोजमार्रा के जरूरतें पूरी नहीं कर पा रहे हैं, जिससे कोटेदारं निरंतर हो रहे महंगाई की वृद्धि से खासे आक्रोशित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री को दिए ज्ञापन में एसोसिएशन ने बताया कि प्रदेश के अस्सी हजार कोटेदार माह अगस्त के खाद्यान्न वितरण का बहिष्कार करेंगे और वितरण संबन्धी समस्त कार्य से पृथक रहेंगे, जिससे होने वाली किसी भी प्रकार की असुविधा की जिम्मेदारी कोटेदार व एसोसिएशन की नहीं होगी। ज्ञापन में कोटेदारों के लाभांश, भरण पोषण के लिए आवश्यक मिनिमम इनकम की गारंटी के सम्बन्ध में अतिशीघ्र निर्णय लेते हुए एसोसिएशन को अवगत कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जीतेंद्र चैरसिया, कांति पुरवार, संगीता पुरवार, राजेश कुमार, रामश्री, लक्ष्मीनारायण गुप्ता, शैलेंद्र कुमार वर्मा, महेश प्रसाद कुशवाहा, बालाप्रसाद, आलोक द्विवेदी, जानकी प्रसाद गुप्ता, श्यामसुंदर मिश्रा आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
28 जुलाई को कोटेदार करेंगे पैदल मार्च
आल इंडियन फेयर प्राइस शाॅप डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र चैरसिया ने बताया कि उचित दर विक्रेता (कोटेदार) अपनी मांगों को लेकर अनेकों बार जिले के आला अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री को अवगत कराया जा चुका, लेकिन आज तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिससे उनमें आक्रोश व्याप्त है, जिससे अब प्रदेश के कोटेदार अपनी मांगों को लेकर 28 जुलाई को सुबह दस बजे चारबाग लखनऊ रवींद्रालय के सामने से विधानसभा तक शांतिपूर्ण तरीके से पैदल मार्च कर व मुख्यमंत्री को ज्ञापन देगे। उन्होंने जिले के सभी कोटेदारों से इस कार्यक्रम में शामिल होकर उसे उसे सफल बनाने की अपील की है।





