शाहजहांपुर , जनपद में रविवार से ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, परीक्षा प्रणाली में सुधार, पारदर्शिता सुनिश्चित करने, शिक्षा मंत्रालय की जवाबदेही तय करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन संसद तक पैदल मार्च में शामिल होने से पहले समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारियों को पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने का दावा किया गया है।
समाजवादी छात्र सभा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शाहजहांपुर समाजवादी के जिला अध्यक्ष प्रसून कुमार कनौजिया को उनके आवास पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया। संगठन का आरोप है कि जिला महासचिव सौमित्र यादव, महानगर अध्यक्ष सुबहान खान सहित कई अन्य पदाधिकारियों को भी उनके घरों पर पुलिस की निगरानी में रखा गया, ताकि वे आंदोलन में शामिल न हो सकें।
संगठन ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। समाजवादी छात्र सभा का कहना है कि वह छात्रों के हितों, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और उनके अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी तथा आंदोलन को और मजबूत किया जाएगा। हालांकि, इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।





