अम्बेडकरनगर बसखारी विकासखंड क्षेत्र की ग्राम सभा भिदूर में सार्वजनिक स्थानों पर मुर्गे के पंख एवं अन्य अपशिष्ट फेंके जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों को इस संबंध में पकड़े जाने की सूचना भी मिली है। आरोप है कि कुछ मुर्गा विक्रेता मंदिर के सामने तथा सरकारी विद्यालय के बगल स्थित तालाब के किनारे मुर्गे के पंख और अन्य गंदगी फेंककर चले जाते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी फैल रही है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस लापरवाही से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं, वहीं विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं और आसपास के लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद थाना बसखारी पुलिस, संबंधित पुलिस प्रशासन एवं बीट सिपाही द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थानों, धार्मिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास इस प्रकार गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसी हरकत करने का साहस न कर सके।





