HomeItawaपूर्व मंत्री ने जनसंवाद में सरकार की उपलब्धियों पर की चर्चा

पूर्व मंत्री ने जनसंवाद में सरकार की उपलब्धियों पर की चर्चा

कटेश्वरनाथ मंदिर परिसर स्थित सरोवर की सीढ़ियों पर स्वच्छता अभियान पूर्व मंत्री ने किया श्रमदान

इटवा, सिद्धार्थनगर। पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री एवं इटवा विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सतीश द्विवेदी ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र 305 इटवा के अंतर्गत खुनियाव ब्लॉक के ग्राम कटेश्वरनाथ, रमवापुर सीर, पड़री, सड़वा तथा नगर पंचायत इटवा में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम कटेश्वरनाथ स्थित प्राचीन बाबा कटेश्वरनाथ मंदिर से हुई। यहां डॉ. द्विवेदी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद मंदिर परिसर स्थित सरोवर की सीढ़ियों पर आयोजित स्वच्छता अभियान में शामिल होकर स्वयं श्रमदान किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण से स्वस्थ समाज का निर्माण होता है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

इसके पश्चात डॉ. सतीश द्विवेदी ने रमवापुर सीर, पड़री और सड़वा गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। गरीब कल्याण, किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा देश के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की गई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, डिजिटल इंडिया और जनधन योजना जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों परिवारों तक पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास और सुशासन की नई पहचान बनाई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, सड़क और एक्सप्रेस-वे का जाल बिछा है, बिजली आपूर्ति में व्यापक सुधार हुआ है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नगर पंचायत कार्यालय सभागार इटवा में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. द्विवेदी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

संवाद कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई तथा अन्य स्थानीय समस्याओं और विकास संबंधी सुझाव भी रखे। डॉ. द्विवेदी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना ही जनप्रतिनिधि का प्रमुख दायित्व है।

उन्होंने कहा कि इटवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी हैं और आने वाले समय में भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सहयोग एवं विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा ही उनका सर्वोच्च उद्देश्य है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं पर अपने विचार साझा किए तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने डॉ. सतीश द्विवेदी का स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता देखने को मिली।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष इटवा विकास जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष कृष्णा मिश्रा मंडल अध्यक्ष राजेश पांडेय मंडल अध्यक्ष इटवा कन्हैया विश्वकर्मा पूर्व मंडल अध्यक्ष इटवा दीप नारायण त्रिपाठी, राम शब्द उपाध्याय अमित दुबे अमित मिश्रा सुनील पांडेय सहित स्थानीय क्षेत्रवासी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular