HomeSliderENG vs IND: इंग्लैंड से मिले 4 साल पुराने जख्म पर जीत...

ENG vs IND: इंग्लैंड से मिले 4 साल पुराने जख्म पर जीत का ‘मरहम’ लगाने उतरेगी टीम इंडिया, विश्नोई पर गाज गिरनी तय!

भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टी20 मैच आज नॉटिंघम में खेला जाएगा। टीम इंडिया इस मुकाबले में एक बदलाव कर सकती है। भारत की नजरें मैच में जीत हासिल करने पर होंगी।

आयरलैंड के बाद इंग्लैंड के विरुद्ध भी अब तक जीत का स्वाद चखने में विफल रही भारतीय टीम मंगलवार को तीसरे टी-20 मुकाबले में टीम संयोजन में बदलाव कर सकती है। भारतीय टीम प्रबंधन एक तेज गेंदबाज को अंतिम एकादश में खिलाने पर विचार कर रहा है। अगर ऐसा होता है तो रवि बिश्नोई को तीसरे टी-20 से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत अब तक चार में से तीन मैच हार चुका है। ऐसे में टीम के लिए तीसरा टी-20 ‘करो या मरो’ जैसा मुकाबला बन गया है। मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी-20 में बिश्नोई पूरी तरह लय से बाहर नजर आए। उन्होंने तीन बैकफुट नो-बॉल फेंकी और पारी के 17वें ओवर में 29 रन लुटाए। चार ओवर में बिना विकेट लिए 60 रन खर्च करने के बाद उनकी टीम में जगह पर सवाल उठने लगे हैं।

प्रिंस यादव को मिल सकता है मौका

जानकारों का मानना है कि जब अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती पहले से मौजूद थे, तब ओल्ड ट्रैफर्ड की परिस्थितियों में तीसरे विशेषज्ञ स्पिनर की जरूरत नहीं थी। ट्रेंट ब्रिज की परिस्थितियों को देखते हुए बिश्नोई का अंतिम एकादश में शामिल होना मुश्किल माना जा रहा है। उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है। स्विंग और पिच से अतिरिक्त हरकत हासिल करने की उनकी क्षमता उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा से बेहतर विकल्प बनाती है, जिनकी बैक ऑफ द लेंथ गेंदें टी-20 क्रिकेट में अपेक्षाकृत आसान साबित होती हैं।

तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने पिछले मैच में शुरुआती ओवर में दो विकेट समेत कुल तीन विकेट झटके थे, लेकिन इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक द्वारा उनके एक ओवर में बनाए गए 27 रन भी भारत की हार का बड़ा कारण बने। ट्रेंट ब्रिज की बल्लेबाजी के अनुकूल पिच पर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से एक बार फिर आक्रामक पारी की उम्मीद होगी। उनके साथ शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा भारतीय पारी की सबसे बड़ी उम्मीद हैं।

श्रेयस अय्यर और ईशान किशन से बड़ी पारी की उम्मीद

कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने कुछ उपयोगी रन जरूर बनाए हैं, लेकिन दोनों ही यह स्वीकार करेंगे कि वे इंग्लैंड के गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी नहीं हो सके। तिलक वर्मा ने पिछले मुकाबले में आखिरी ओवरों में छोटी लेकिन उपयोगी पारी खेली लेकिन टीम बीच के ओवरों में रन गति बनाए रखने में संघर्ष करती दिख रही है। केवल अभिषेक शर्मा ही अपनी स्वाभाविक आक्रामक शैली पर कायम रहे हैं।

वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर एक्शन में आएंगे नजर

पदार्पण का दबाव पीछे छोड़ चुके वैभव अब इंग्लैंड के गेंदबाजों पर खुलकर हमला करने की कोशिश करेंगे। इंग्लैंड के स्पिनर लियाम डॉसन, विल जैक्स और आदिल रशीद लगातार गेंद की गति कम रखकर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं। दूसरी ओर, भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती टी-20 विश्व कप के बाद से अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं और थोड़ी तेज गति से गेंदबाजी कर रहे हैं। भारत ने पिछली बार 2022 में ट्रेंट ब्रिज में टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। उस मैच में सूर्यकुमार यादव ने 48 गेंदों में शानदार शतक जड़ा था, लेकिन उनकी विस्फोटक पारी भी भारत को हार से नहीं बचा सकी।

T20I सीरीज के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, सूर्यांश शेडगे, वॉशिंगटन सुंदर, प्रिंस यादव।

इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल सॉल्ट, जोस बटलर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, आदिल रशीद, जोश टंग, जॉर्डन कॉक्स, सन्नी बेकर, ल्यूक वुड, साकिब महमूद, रेहान अहमद, जेम्स कोल्स।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular