कोठी बाराबंकी। ग्राम केसरगंज सरायमीर तीन किलोमीटर लंबा मार्ग बदहाल है। इस जर्जर सड़क से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के आवागमन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जबकि यह मार्ग सरायमीर, भोराई, मुंशीगंज समेत आधा दर्जन गांवों को जोड़ता है। प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं इसी रास्ते से पैदल आते-जाते हैं। जिसमे सबसे बेहद खराब स्थिति क्षेत्रीय विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत के गांव बबक्करपुर मजरे मीरापुर की है। जहां सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश के पानी भरने से रास्ता तालाबनुमा है। शुक्रवार को स्कूली बच्चे पानी से होकर विद्यालय पहुंचे।
उनके जूते, मोजे और यूनिफॉर्म भीग गए।साथ ही फिसलन व जलभराव के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय निवासी प्रकाश, देशराज, संदीप, पंकज द्विवेदी, संग्राम, संतराम और जितेंद्र आदि कहना है कि करीब दो साल पहले सड़क का निर्माण हुआ था। घटिया सामग्री के निर्माण से कुछ दिन बाद ही उखड़ गई और कच्चे रास्ते में तब्दील हो गई। अब कई स्थानों पर गड्ढे है। पीड़ित ग्रामीणों ने इसकी निर्माण की मांग की है। जबकि क्षेत्रीय जेई पीडब्लूडी प्रबोध मिश्र ने बताया कि नाली निर्माण न होने से सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। मामले की जांच कर मरम्मत कराई जाएगी।





