पान किसानों की मांगों को लेकर अनशन पर बैठे पूर्व सभासद को एसडीएम ने पिलाया जूस, दिया कार्रवाई का भरोसा
महोबा। स्थानीय पान मंडी में अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अनशन पर बैठे 72 वर्षीय पूर्व सभासद श्याम किशोर गोस्वामी ने प्रशासन के ठोस आश्वासन के बाद अपना आंदोलन समाप्त कर दिया है। एसडीएम सदर शिवध्यान पांडे ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अनार का जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। हालांकि, पूर्व सभासद ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि 10 जुलाई तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे 11 जुलाई से आमरण अनशन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।
पहले ही दिन हरकत में आया प्रशासन
पूर्व सभासद के अनशन शुरू करते ही आंदोलन के पहले दिन प्रशासन सक्रिय हो गया। एसडीएम सदर शिवध्यान पांडे और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) अवधेश कुमार तुरंत धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने जिले में चल रही टीईटी परीक्षा, वकीलों की हड़ताल और ऐतिहासिक गोरखगिरी पर्वत पर मूर्ति खंडित होने जैसे संवेदनशील मामलों का हवाला देते हुए कार्रवाई के लिए समय मांगा। प्रशासन ने उन्हें आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़ी उनकी सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाएगा।
पूर्व सभासद श्याम किशोर गोस्वामी की प्रमुख मांगों में पान मंडी के किसानों के लिए टिन शेड का निर्माण सर्वोपरि है। उनका आरोप है कि पिछले 40 वर्षों से पान किसान खुले आसमान के नीचे व्यापार करने को मजबूर हैं और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने चरखारी बाईपास सड़क चौड़ीकरण के काम में तेजी लाने और महोबा, कुलपहाड़, चरखारी नगर पालिका व कबरई नगर पंचायत में हुए कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कराने की भी प्रमुखता से मांग उठाई है।
इस मामले में एसडीएम सदर शिवध्यान पांडे ने कहा कि समाजहित की इन मांगों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ईओ को निर्देश दिए हैं कि वे तुरंत पान मंडी का मुआयना करें और शेड निर्माण की रूपरेखा तैयार करें। इसके साथ ही, बाईपास निर्माण के कार्य में तेजी लाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्य को गति दी जाएगी।





