गोण्डा। जनपद के चन्दवतपुर पावर हाउस क्षेत्र के ग्राम पूरे खेमकरन एवं भुईरा में बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को लंबे समय तक परेशानी झेलनी पड़ी। आरोप है कि लाइन खराब होने की सूचना देने के लिए ग्रामीणों ने संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिला। ग्रामीणों के अनुसार, जब मामले की जानकारी लेने के लिए अवधनामा संवाददाता ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) से संपर्क किया तो उन्होंने जेई का दूसरा मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया।
हालांकि वह नंबर भी बंद मिला। दोबारा इस संबंध में जानकारी देने पर एक्सईएन ने कथित रूप से कहा, “हम आकर आपकी लाइन सही कर दें?” इस कथित टिप्पणी के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लगातार निर्देश दे रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों का रवैया इन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है। उनका आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होती और जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क तक नहीं हो पाता।
ग्रामीणों ने कहा कि जब विभाग के अधिकारी ही आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेंगे, तो लोगों को राहत कैसे मिलेगी। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं हो सकती। विभाग को चाहिए कि शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार परेशानियों का सामना न करना पड़े।





