महोबा। “थाना समाधान दिवस” के अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोबा श्री शशांक सिंह द्वारा शनिवार को थाना कबरई पहुँचकर क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याओं की जनसुनवाई की गई। यह जनसुनवाई प्रभारी निरीक्षक कबरई संतोष कुमार सिंह एवं अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा सभी शिकायतों के निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण का आश्वासन दिया गया। उन्होंने मौके पर ही राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों का गठन कर प्राप्त शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का पारदर्शी, त्वरित एवं न्यायसंगत निस्तारण सुनिश्चित करना है।
अपर पुलिस अधीक्षक महोबा वंदना सिंह एवं अपर जिलाधिकारी महोबा कुंवर पंकज द्वारा संयुक्त रूप से क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ अनुरुद्ध कुमार की उपस्थिति में थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना अजनर में पहुंचकर जनसुनवाई की गई। इस दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी चरखारी दीपक दुबे द्वारा थाना श्रीनगर में जनसुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अपने-अपने थानों पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच कर संयुक्त टीमों द्वारा मौके पर जाकर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की गई।





