अलीगढ़। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय और उत्तर प्रदेश शासन के नगरीय विकास विभाग के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जवाहर भवन स्थित सभागार में भव्य लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पथ विक्रेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता कर योजना की उपलब्धियों का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक इगलास राजकुमार सहयोगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना देश के लाखों रेहड़ी-पटरी और पथ विक्रेताओं के लिए आर्थिक संबल बनकर उभरी है। योजना ने छोटे व्यापारियों को न केवल वित्तीय सहायता प्रदान की है, बल्कि उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की नई दिशा भी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
लोक कल्याण मेले में उपस्थित पथ विक्रेताओं को योजना के विभिन्न लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को बिना गारंटी ऋण, डिजिटल लेनदेन पर कैशबैक, समय से ऋण चुकाने पर ब्याज अनुदान तथा क्रमिक रूप से अधिक राशि के ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से हजारों परिवारों की आजीविका मजबूत हुई है और वे आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।





