हमीरपुर। जिला अस्पताल के महिला शौचालय में मंगलवार सुबह एक नवजात का शव मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जिला पुरुष चिकित्सालय परिसर स्थित महिला शौचालय में सुबह सफाई के दौरान एक महिला सफाईकर्मी की नजर नवजात के शव पर पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन में अफरातफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। साथ ही शौचालय एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे महिला सफाईकर्मी द्वारा शौचालय में शव देखे जाने की सूचना दी गई थी। उन्होंने बताया कि रात 10 बजे तक ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों की निगरानी के दौरान ऐसी कोई संदिग्ध स्थिति नहीं थी।
सीएमओ ने बताया कि रात तीन बजे तक के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया है। इसके बाद की फुटेज का भी परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करते हुए गार्डों को अस्पताल परिसर में आने-जाने वाले लोगों तथा उनके सामान की निगरानी के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





