पोल्ट्री उद्यमियों एवं निवेशकों को मिलेगा विशेषज्ञों से संवाद का अवसर
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि अपर निदेशक (पशुपालन), कानपुर मंडल, कानपुर के निर्देशानुसार मंडल स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव/कुक्कुट निवेश सम्मेलन का आयोजन दिनांक 29 जून 2026 को किया जा रहा है। यह एक दिवसीय सम्मेलन प्रातः 10:00 बजे से चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री सभागार में आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य कुक्कुट पालन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देना, रोजगार के नए अवसर सृजित करना तथा पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों, किसानों एवं निवेशकों को नवीन तकनीकों, सरकारी योजनाओं तथा व्यवसायिक संभावनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के अधिकारी, विषय विशेषज्ञ एवं पोल्ट्री क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित उद्यमी प्रतिभाग करेंगे।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के सभी इच्छुक पोल्ट्री उद्यमियों, व्यवसायियों, किसानों तथा निवेशकों से सम्मेलन में समय से प्रतिभाग करने की अपील की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र में पोल्ट्री व्यवसाय स्थापित करने के इच्छुक व्यक्तियों को सम्मेलन में प्रतिभाग कराने हेतु प्रेरित करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।





