इल्तिजा मुफ्ती ने अनंतनाग के बिजबेहड़ा में ईदगाह के पास कूड़ा डंपिंग स्थल पर चिंता जताई, आरोप लगाया कि कचरा मीठे पानी की धाराओं को प्रदूषित कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप और कश्मीर में प्रभावी कचरा प्रबंधन के लिए दीर्घकालिक उपाय करने की मांग की।
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ़्ती ने बुधवार को अनंतनाग जिले के बिजबेहड़ा के हाटीगाम क्षेत्र में ईदगाह के निकट कथित रूप से बनाए गए कूड़ा डंपिंग स्थल को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बड़ी मात्रा में कचरा एकत्र किया जा रहा है, जिससे न केवल स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका है।
इंटरनेट मीडिया पर साझा किए गए एक पोस्ट में इल्तिजा ने दावा किया कि डंपिंग स्थल पर टनों कचरा फेंका गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कचरे का एक हिस्सा नीचे बहने वाली मीठे पानी की धारा तक पहुंच रहा है, जिससे जल स्रोतों के प्रदूषित होने का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय निवासियों की चिंताओं की अनदेखी की जा रही
उन्होंने डंपिंग स्थलों के चयन और स्थापना की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस दौरान पर्यावरणीय मानकों और स्थानीय निवासियों की चिंताओं की अनदेखी की जा रही है। उनके अनुसार यह केवल स्वच्छता का मुद्दा नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा गंभीर विषय है, क्योंकि इसका असर जल संसाधनों और आसपास के पारिस्थितिकी तंत्र पर पड़ सकता है।
इल्तिजा मुफ़्ती ने जिला प्रशासन और पर्यावरण से संबंधित अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
पीडीपी नेता ने कश्मीर में कचरा प्रबंधन की मौजूदा व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि घाटी की संवेदनशील पारिस्थितिकी को पर्यावरणीय क्षरण से बचाने के लिए प्रभावी और दीर्घकालिक उपाय किए जाने चाहिए।





