गाजीपुर। सैदपुर ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव के साथ सोमवार की शाम बंदूक के बट से मारने, मारपीट करने, दुर्व्यवहार और पांच लाख रुपये मांगले का मामला प्रकाश में आया है। ब्लॉक प्रमुख ने देवराज सिंह ठाकुर सहित आठ और कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस ने अपनी सुरक्षा में ब्लॉक प्रमुख का सीएचसी पर उपचार कराया। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि सैदपुर ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव ने तहरीर देकर जानकारी दी कि वह शाम चार बजे सैदपुर क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित अपने कक्ष में बैठे थे। इस दौरान औड़िहार निवासी देवराज सिंह ठाकुर का सहयोगी सैदपुर क्षेत्र में निर्माण संबंधी कार्य के लिए एक फाइल लाकर दिया, जिसे ब्लॉक प्रमुख ने वापस कर दिया।
आरोप लगाया कि जैसे यह जानकारी देवराज सिंह ठाकुर को हुई, वह नाराज होकर अपने पुत्र नितेश सिंह भोनू, भतीजे राजन सिंह, समर्थक सोनू सिंह सहित 10 लोगों के साथ कक्ष में पहुंचे। साथ ही पांच लाख की मांग की करने लगे। जब पीड़ित ब्लॉक प्रमुख ने देने से इंकार किया तो मारने-पीटने लगे। आरोपियों ने बंदूक के कुंदों से भी मारपीट की है। घायल ब्लॉक प्रमुख की तहरीर पर देवराज सिंह ठाकुर, नितेश सिंह भोनू, राजन सिंह, सोनू सिंह, सर्वेश यादव सहित आठ और कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव के यहां सर्वेश यादव रहता था। गलत काम को लेकर ब्लॉक प्रमुख उससे नाराज थे। सर्वेश यादव देवराज सिंह ठाकुर का भी सहयोगी है। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।





