जलालपुर, अंबेडकरनगर। नलकूप सिंचाई खंड, जलालपुर में बुधवार को शीत पर्यवेक्षक पद पर कार्यरत रहे राधेश्याम दुबे के सेवानिवृत्त होने पर एक गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मियों ने उनके लंबे एवं उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शीतला सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने राधेश्याम दुबे के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया। उनके कार्य व्यवहार और समर्पण की भावना हमेशा कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन सुनील यादव ने किया। उन्होंने राधेश्याम दुबे के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में विभाग के प्रति पूरी जिम्मेदारी और लगन के साथ कार्य किया। उनके सहयोगात्मक स्वभाव और कार्यकुशलता को कर्मचारी लंबे समय तक याद रखेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों एवं अतिथियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए राधेश्याम दुबे के साथ बिताए गए अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने सदैव विभागीय कार्यों को प्राथमिकता दी और अपने व्यवहार से सभी का सम्मान प्राप्त किया। सभी ने उनके सुखद, स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
समारोह में राजेश कुमार पांडेय, वर्जित निशा, प्रदीप कुमार वर्मा, विजय प्रकाश, ओम प्रकाश, प्रवीण कुमार, शशिकला, कुसुमलता, पूर्व सेवानिवृत्त कर्मचारी देवेंद्र सिंह, भारत लाल, संतराम, लालमणि, आनंद, अतुल एवं स्वामीनाथ सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हालांकि समारोह की सबसे चर्चित बात यह रही कि विभाग के सहायक अभियंता नागेंद्र कुमार तथा किसी भी जूनियर इंजीनियर की कार्यक्रम में उपस्थिति नहीं रही। कर्मचारियों के बीच यह विषय चर्चा का केंद्र बना रहा। इसके बावजूद उपस्थित कर्मचारियों ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया और राधेश्याम दुबे को सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी। समारोह का समापन उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।





