HomeMarqueeविजय दिवस पर बुंदेलखंड राष्ट्र समिति ने उठाई मांग, अमर शहीद दरियाव...

विजय दिवस पर बुंदेलखंड राष्ट्र समिति ने उठाई मांग, अमर शहीद दरियाव सिंह को राष्ट्रीय सम्मान देने की पैरवी

खागा/फतेहपुर। 1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति के महान सेनानी अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह के विजय दिवस के अवसर पर बुंदेलखंड राष्ट्र समिति ने उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान दिलाने की मांग उठाई। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार से शहीद के इतिहास को शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल करने, उनके नाम पर कृषि महाविद्यालय स्थापित करने तथा खागा को उनके नाम से जिला घोषित करने की मांग की।

प्रवीण पांडेय ने कहा कि 8 जून 1857 को अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह ने खागा क्षेत्र से अंग्रेजी शासन को खदेड़कर 32 दिनों तक स्वतंत्र सरकार का संचालन किया था। उन्होंने कहा कि यह घटना भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है, लेकिन आज भी इसे अपेक्षित पहचान और सम्मान नहीं मिल पाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग करते हुए कहा कि अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह के जीवन, संघर्ष और बलिदान को प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए, ताकि नई पीढ़ी अपने क्षेत्र के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित हो सके।

बुंदेलखंड राष्ट्र समिति ने किशनपुर-रामपुर क्षेत्र में यमुना तट के समीप “अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह कृषि महाविद्यालय” की स्थापना की मांग भी उठाई। प्रवीण पांडेय का कहना था कि इससे क्षेत्र के किसानों और युवाओं को आधुनिक कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा उन्होंने खागा को “अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह जिला” घोषित किए जाने की मांग दोहराते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व को सम्मान मिलेगा और विकास की नई संभावनाएं भी खुलेंगी। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान को केवल स्मरण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों और संघर्षों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। विजय दिवस के अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular