नशे का आदी था मृतक, पत्नी और दो बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ा; पुलिस जांच में जुटी
महोबा। थाना अजनर क्षेत्र के महुआबांध गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने उसे फांसी पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मौत के कारणों की जांच शुरू करते हुए लोगों से पूछतांछ शुरू कर दी है। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
महुआबांध गांव निवासी प्रकाश (30) पुत्र चन्द्रभान नशे का आदी था। आएदिन शराब पीकर घर आने से उसके परिजन भी खासे परेशान रहते थे और उसकी नशे की आदद छुड़वाने का कभी प्रयास भी किया, लेकिन उसके आदत में कोई बदलाव नहीं आया। रविवार शाम वह घर आया और खाना खाने के बाद कमरे में चला गया, जब उसकी पत्नी सुनैना कमरे में सोने के लिए गई तो उसने उसे आंगन में सोने को कहा, जिस पर वह आंगन में लेटने चली गई। देर रात प्रकाश ने कमरा बंद कर फांसी का फंदा बनाकर गले में डालकर आत्महत्या कर ली।
सोमवार सुबह जब उसकी पत्नी उसे उठाने के लिए कमरे में पहुंची तो उसे फांसी पर लटका देख शोर शराबा मचाने लगी जिस पर परिजनों व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष सुभाष चन्द्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे उसे उतारकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा सात वर्षीय पुत्र अनुज और पांच वर्षीय पुत्री लाली को छोड़ गया है। पति की मौत से पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अजनर का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। मौत के कारणों के बावत परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।





