पांच दिन से ठप आपूर्ति, आश्वासन के बाद खुला जाम
मौदहा। कस्बे में बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित होने से नाराज लोगों ने सोमवार को नेशनल हाईवे-34 पर जाम लगा दिया। वार्ड संख्या 19 के मोहल्ला सिचौली पुरवा के निवासियों ने रश्मि पेट्रोल पंप के पीछे सड़क अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया, जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले पांच दिनों से मोहल्ले में बिजली और पानी की आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी के बीच लोग गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
मोहल्लावासी बीडी श्रीवास ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने अधिकारियों पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया।
जाम की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडे और कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। प्रशासन ने संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।





