आरसीबी ने आईपीएल इतिहास की तीसरी टीम बनी है जिसने लगातार दो खिताब जीते हैं, लेकिन अब इस टीम को अपने अगले खिताब के लिए लंबा इतंजार करना पड़ सकता है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। इसी के साथ आरसीबी तीसरी टीम बनी है जिसने लगातार दो खिताब जीते हैं। आरसीबी ने पिछले साल अपना पहला आईपीएल जीता था और इसके लिए उसे 17 साल का इंतजार करना था। अब इस टीम को अपनी तीसरी ट्रॉफी के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ा सकता है।
ये हम नहीं कह रहे ये आंकड़े बता रहे हैं। आईपीएल के इतिहास में पहले जो हुआ उसके बिनाह पर ये कहा जा सकता है कि आरसीबी खिताबी जीत की हैट्रिक नहीं लगा पाएगी और उसे अपने तीसरे खिताब के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा।
ये है कारण
आरसीबी से पहले सिर्फ दो टीमें ही रही हैं जिन्होंने लगातार दो बार आईपीएल जीता है। चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010 और 2011 में ये काम किया था। वहीं मुंबई इंडियंस ने साल 2019 और 2020 में लगातार दो बार आईपीएल जीता था। अब इन दो खिताबी जीतों के बाद अगर चेन्नई और मुंबई की अगली ट्रॉफी पर निगाह डाली जाए तो लंबा अंतराल देखने को मिलता है।
चेन्नई ने 2011 में खिताब जीतने के बाद 2018 में अपना अगला आईपीएल जीता था। यानी उसे अपने अगले खिताब के लिए सात साल का इंतजार करना पड़ा था। वहीं मुंबई ने अपना आखिरी आईपीएल 2020 में जीता था और इसके बाद से ये टीम फाइनल खेलने तक के लिए संघर्ष कर रही है। इस टीम ने भी छह साल से कोई खिताब नहीं जीता है जबकि 2013 से मुंबई हर एक सीजन छोड़कर खिताब जीत रही थी।
बदल सकती है कहानी
ये आंकड़े हैं और ऐसा हो ही जाए इसकी संभावना कितनी है इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता, लेकिन लगातार दो खिताब जीतने के बाद जो पैटर्न है उसे देखते हुए लग रहा है कि आरसीबी को फिर लंबा खिताबी सूखा झेलना पड़ सकता है।
आरसीबी ने इससे पहले 2009, 2011 और 2016 में आईपीएल फाइनल खेला था जिसमें उसे हार मिली थी। 2025 में ये टीम चौथी बार फाइनल में पहुंची और जीती। इस सीजन टीम ने खिताब अपने पास ही रखा है।





