Saturday, May 30, 2026
spot_img
HomeMarqueeलाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा आज होगा आरओ प्लांट का लोकार्पण

लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा आज होगा आरओ प्लांट का लोकार्पण

फतेहपुर। लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा जनपद फतेहपुर में संचालित जनकल्याणकारी एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए फाउंडेशन के अध्यक्ष विराज शास्त्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दिवाकर शास्त्री ने प्रेस वार्ता आयोजित की। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन जनसाधारण, पिछड़े, दलित एवं आम लोगों के सरोकारों को केंद्र में रखकर ग्राम विकास, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं शुद्ध पेयजल जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है।

प्रेस वार्ता में बताया कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “स्वस्थ भारत-स्वच्छ भारत” मिशन को आगे बढ़ाते हुए फाउंडेशन द्वारा चयनित ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में विभिन्न सामाजिक गतिविधियां, जागरूकता अभियान, गोष्ठियां तथा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कुसुंभी ग्राम में 20 हजार लीटर क्षमता वाले आरओ प्लांट की स्थापना की गई है। इस प्लांट का लोकार्पण 30 मई को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति में किया जाएगा।

लोकार्पण के उपरांत इसे ग्राम पंचायत को सौंप दिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को निःशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। फाउंडेशन द्वारा नगर क्षेत्र के कलेक्टरगंज वार्ड अंतर्गत गढ़िया, जयरामनगर, नारायणपुर, बेसीहार, मिठनपुर, चौधिकिया पुरवा सहित अन्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लगभग 500 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

इसके अतिरिक्त देवीगंज, ईसाइन पुरवा, झाऊपुर, विनोबा नगर, अशोक नगर, खुशवंत राय नगर एवं राधानगर क्षेत्र के लगभग 700 लोगों को स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क दवा वितरण का लाभ प्रदान किया गया। वहीं सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाके औरेई गांव में गत 7 अप्रैल को विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें आसपास के दर्जनों गांवों के लगभग 1000 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान जरूरतमंदों को कान की मशीनें, आंखों के चश्मे एवं निःशुल्क दवाइयां वितरित कर बीमारियों की रोकथाम और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया।

फाउंडेशन ने आगामी 5 जून को थरियांव ग्राम में विशाल स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क दवा वितरण शिविर आयोजित करने की योजना को अंतिम रूप दे दिया है। प्रेस वार्ता में बताया गया कि फाउंडेशन की मंशा आगामी दिनों में सदर विधानसभा सहित पूरे जनपद में स्वास्थ्य, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, वृक्षारोपण एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जनहित के कार्यों को गति देना है।

साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के “जय जवान, जय किसान” के उद्घोष को सार्थक करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर जिला समन्वयक अमित मिश्रा ‘नीटू’, भाजपा मीडिया विभाग के जिला संयोजक धनंजय द्विवेदी तथा निवर्तमान नगर अध्यक्ष भाजपा नेता मनोज श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular