इटावा। चंद्र शेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय,कानपुर के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता के निर्देशन में चलाए जा रहे कृत्रिम बुद्धिमत्ता(AI)जागरूकता अभियान के तहत,पुलिस मॉडर्न स्कूल में एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. कैलाश यादव के आमंत्रण पर मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे कंप्यूटर साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.एन.के.शर्मा ने शिक्षकों को क्रिटिकल थिंकिंग इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर संबोधित किया।
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि AI और क्रिटिकल थिंकिंग आधुनिक समाज के दो मुख्य स्तंभ हैं,जो देश के विकास,नवाचार और बेहतर निर्णय लेने के लिए बेहद जरूरी हैं।डॉ.शर्मा ने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे AI द्वारा दी गई सूचनाओं की सत्यता और उपयोगिता का मूल्यांकन स्वयं करें,क्योंकि जब शिक्षक स्वयं इस क्षमता से सक्षम होंगे,तभी वे छात्रों को तकनीक का सही उपयोग सिखा पाएंगे। अंत में,AI की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीक को अपनाए बिना ‘विकसित भारत 2047’ की कल्पना अधूरी है,इसलिए समय के साथ खुद को बदलना और तकनीक को सीखना अब हम सभी के लिए अनिवार्य हो चुका है।





