मुंबई इंडियंस में हार्दिक पांड्या की कप्तानी खतरे में है। ऐसे में अगले कप्तान को लेकर रोहित शर्मा अहम भूमिका निभा सकते हैं।
मुंबई इंडियंस के आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद हार्दिक पांड्या को कप्तानी से हटाने की खबरें सामने आई हैं। कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि हार्दिक की कप्तानी में टीम ने लगातार तीन सीजन खराब प्रदर्शन किया, जिसकी वजह से अब उन्हें आईपीएल 2027 से पहले कप्तानी से हटाया जा सकता है। मुंबई का अगला कप्तान कौन होगा, इसको लेकर अब तक कोई नाम सामने नहीं आया है।
अगर हार्दिक को कप्तानी से हटाया जाता है, तो उनकी जगह युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा के कप्तान बनने की प्रबल संभावना है। हालांकि, फ्रेंचाइजी का नया कप्तान कौन होगा, इसमें अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा की सलाह सबसे अहम होने वाली है। रोहित नए कप्तान की नियुक्ति में अहम भूमिका निभा सकते हैं और उनके फैसले को एमआई का मैनेजमेंट भी मान सकता है।
रोहित शर्मा की सलाह से ही बनेगा नया कप्तान
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई का अगला कप्तान वही होगा, जिसे रोहित शर्मा चाहेंगे। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फ्रेंचाइजी ने 2023 के बाद रोहित को हटाने के अपने फैसले से सबक ले लिया है। ऐसे में अब वे भविष्य में ऐसी परिस्थिति से बचना चाहते हैं। इस वजह से मुंबई का अगला कप्तान वही बनेगा, जिसके सिर पर रोहित का हाथ होगा। शर्मा का फैसला इस मामले में माना जाएगा लेकिन वे खुद कप्तान नहीं बनेंगे।
मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में मुंबई का निराशाजनक प्रदर्शन देखने को मिला। टीम ने 14 मुकाबले खेले और सिर्फ 4 मैचों में ही जीत मिली। हार्दिक 2024 में मुंबई के कप्तान बने थे। उसके बाद से टीम एक बार प्लेऑफ तक जरूर पहुंची लेकिन फाइनल नहीं खेल पाई। इस सीजन टीम दिग्गजों से सजी हुई थी लेकिन फिर भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी। ऐसे में एमआई टीम मैनेजमेंट ने हार्दिक को कप्तानी से हटाने का फैसला किया है।
क्या मुंबई छोड़ेंगे हार्दिक पांड्या?
रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि अगर हार्दिक को कप्तानी से हटाया जाता है, तो वे फ्रेंचाइजी छोड़ने का फैसला कर सकते हैं। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि पांड्या अगले सीजन मुंबई के लिए खेलते हुए दिखाई नहीं देंगे।





