अन्य बीईओ को भविष्य में बीएसए बनने की जगी उम्मीद
सिद्धार्थनगर। जिले के खुनियांव विकास क्षेत्र में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) महेंद्र कुमार की पदोन्नति बुधवार को बीएसए या इसके समकक्ष पद के लिए हुई है। उत्तर प्रदेश शैक्षिक (सामान्य शिक्षा संवर्ग) सेवा समूह-ख उच्चतर के रिक्त पदों के सापेक्ष लोक सेवा आयोग में हुई विभागीय पदोन्नति कमेटी (डीपीसी) की बैठक में इनकी पदोन्नति पर मुहर लगाई है।
पदोन्नति प्राप्त बीईओ प्रदेश में रिक्त पदों के सापेक्ष बीएसए, राजकीय इंटर कालेज में प्रधानाचार्य, यूपी बोर्ड में उप सचिव, सह जिला विद्यालय निरीक्षक, डायट में वरिष्ठ प्रवक्ता के पदों पर नियुक्त होंगे। निरीक्षण शाखा के खंड शिक्षा अधिकारियों को शिक्षण शाखा के पदों पर पदोन्नति दिए जाने को लेकर राजकीय शिक्षकों से विवाद था। इस कारण 2008 के बाद से इनकी पदोन्नति अटकी थी।
18 वर्ष बाद समूह-ख के पद पर पदोन्नति होने से अन्य बीईओ को भविष्य में बीएसए बनने की उम्मीद जगी है। महेंद्र कुमार की पदोन्नति पर बीएसए शैलेश कुमार, बीईओ धर्मेंद्र पाल, अशोक कुमार सिंह, महेंद्र प्रसाद, डीसी सुरेंद्र श्रीवास्तव, धर्मप्रकाश श्रीवास्तव, अमित शुक्ला, आशीष मिश्र, आशीष सिंह, करुणापति त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह, रूपेश सिंह, रवि गुप्ता, मुकुल मिश्रा, मिथिलेश सिंह ने खुशी जताई है।





