अम्बेडकरनगर बकरीद पर्व को लेकर कोतवाली टांडा पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। टांडा कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि शासन और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का हर हाल में पालन कराया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।कोतवाल रघुवंशी ने कहा कि हाल ही में हुई प्रशासनिक बैठक में उच्च अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने गांव-देहात की भाषा में लोगों को समझाते हुए कहा कि त्योहार खुशी, भाईचारे और आपसी सौहार्द का प्रतीक है, लेकिन अगर किसी ने माहौल बिगाड़ने या कानून से खिलवाड़ करने की कोशिश की तो पुलिस भी पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी, गंदगी फैलाने, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी अथवा शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। ऐसे लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।कोतवाल ने बताया कि नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस लगातार भ्रमण कर रही है। पुलिस, नगर पालिका और ग्राम पंचायत की संयुक्त टीमें क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि “जो नियम मानेगा उसका सम्मान होगा, लेकिन जो कानून तोड़ेगा उसके खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी कि लोग याद रखेंगे।”अंत में उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।





