टाटा संस की बोर्ड बैठक से पहले टाटा ग्रुप के शेयरों में तूफानी तेजी आई, जिसमें तेजस नेटवर्क्स और टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के शेयर 7% तक उछले। बैठक में चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन समूह के भविष्य के विकास और पुनर्गठन योजनाओं के लिए संशोधित रणनीतिक रोडमैप पेश करेंगे।
टाटा संस का बोर्ड मंगलवार (Tata Sons Board Meeting) को मिलने वाला है। इस बैठक में चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन द्वारा वाइस चेयरमैन नोएल टाटा सहित अन्य निदेशकों के सामने, समूह के भविष्य के विकास और पुनर्गठन योजनाओं के लिए एक संशोधित रणनीतिक रोडमैप पेश किए जाने की उम्मीद है। बोर्ड मीटिंग से पहले टाटा ग्रुप के कई शेयरों में तूफानी तेजी देखी जा रही है।
तेजस नेटवर्क (Tejas Networks Share) और टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन (Tata Investment Corporation Limited) के शेयरों में टाटा संस की बोर्ड मीटिंग से पहले 7 फीसदी तक उछाल देखने को मिला।
7% तक भागे शेयर
26 मई को सुबह लगभग 11 बजे तेजस नेटवर्क्स के शेयर इंट्राडे में 7% की बढ़त के बाद 4.6% ऊपर, यानी 495.7 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे।
तेजस नेटवर्क्स ने वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में 211.34 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड शुद्ध घाटा दर्ज किया। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी ने 71.80 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा बताया था।
वहीं, बात करें टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन की तो इसके शेयर आज 678.70 रुपये के स्तर पर खुले और 715 रुपये के उच्चतम स्तर तक गए। यानी इसके शेयर आज 5 फीसदी से ज्यादा भागे। 11 बजकर 40 मिनट के दौरान इसके शेयर 2.86 % की तेजी के साथ 698.10 रुपये (Tata Investment Corporation Share Price) के स्तर पर ट्रेड कर रहे थे।
बोर्ड मीटिंग में बिजनेस प्लान पेश कर सकते हैं चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन
सूत्रों के अनुसार टाटा संस की बोर्ड मीटिंग में चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और कंपनी के अन्य लीडर्स पांच कंपनियों के लिए बिजनेस प्लान पेश कर सकते हैं, जिनमें एयर इंडिया, टाटा डिजिटल, EV इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी अग्रतास, तेजस नेटवर्क्स और अन्य शामिल हैं।
टाटा संस के चेयरमैन के तौर पर चंद्रशेखरन का कार्यकाल फरवरी 2027 तक है। संभावना यह भी है कि बोर्ड उनके एक्सटेंशन को लेकर भी चर्चा कर सकता है।
लॉस मेकिंग कंपनियां देंगी प्रेजेंटेशन?
एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि Tata Sons की बोर्ड मीटिंग में अलग-अलग कंपनियां, खासकर वे जो अभी घाटे में चल रही हैं, अपने कारोबार की मौजूदा स्थिति और आगे की रणनीति पर एक प्रेजेंटेशन दे सकती हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, FY25 में टाटा ग्रुप के अनलिस्टेड व्यवसायों को 10,905 करोड़ रुपये का घाटा हुआ, जिसके बढ़कर 29,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है।





