सिसवा बाजार(महराजगंज)। सिसवा क्षेत्र के भारत खण्ड पकड़ी गांव में शुक्रवार सुबह आवारा कुत्तों के हमले में एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मृतका की पहचान हसमाती अली पत्नी शांमुहम्मद के रूप में हुई है, जो पूर्व जिला पंचायत सदस्य आलिम अली की माता थीं।
ग्रामीणों के अनुसार, हसमाती अली रोज की तरह सुबह करीब पांच बजे टहलने के लिए प्राथमिक विद्यालय की ओर गई थीं। इसी दौरान 10 से 12 आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने उन्हें बुरी तरह नोच डाला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, लेकिन प्रशासन कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहा। ग्रामीणों ने तत्काल अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। खबर लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ था।





