Dhurandhar की सफलता के बाद डेविड धवन ने एक इंटरव्यू में कहा था कि Rakesh Bedi की ‘चाल बदल’ गई है। अब एक्टर ने डेविड धवन के बयान का जवाब दिया है।
धुरंधर और धुरंधर 2 में जमील जमाली के किरदार ने राकेश बेदी (Rakesh Bedi) को पहले से और भी ज्यादा पॉपुलर कर दिया। हाल ही में, फिल्म की सफलता के बाद निर्देशक डेविड धवन (David Dhawan) ने राकेश बेदी को लेकर कमेंट किया था कि फिल्म की सफलता के बाद उनकी चाल (बिहेवियर) बदल गई है।
अब डेविड धवन के कमेंट पर राकेश बेदी ने जवाब दिया है। राकेश और डेविड FTTI में बैचमेट्स रह चुके हैं। दोनों की दोस्ती सालों पुरानी है। हालांकि, डेविड का हालिया कमेंट शायद राकेश को रास नहीं आया।
डेविड धवन के कमेंट पर बोले राकेश बेदी
ईटाइम्स को दिए इंटरव्यू में राकेश बेदी ने डेविड धवन के द्वारा दिए गए कमेंट के बारे में कहा, “मैं इस बारे में ज्यादा नहीं सोचता कि कौन बदला है और कौन नहीं। लोग बदलते हैं और यह ठीक है। मैं जानता हूं कि मैं कौन हूं। मैंने अपनी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। हर एक्टर की तरह मैं भी ऐसे दौर से गुजरा हूं जब मेरे पास कोई काम नहीं था और मैं खाली बैठा था।”
राकेश बेदी ने आगे कहा, “असल में मैंने उससे भी ज्यादा मुश्किल दिन देखे हैं। लेकिन इनमें से किसी भी बात का मुझ पर ज्यादा असर नहीं पड़ता। चाहे जिंदगी में बुरा दौर आए या चीजें अच्छी चलें, मैं एक जैसा ही रहने की कोशिश करता हूं। मैं कामयाबी या नाकामी को खुद को बदलने नहीं देता। हाल ही में, डेविड धवन ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘राकेश की तो चाल बदल गई है।’ भले ही कोई यह कहे कि राकेश की चाल बदल गई है, मुझे सच में लगता है कि मैं अब भी वही इंसान हूं।”
डेविड धवन ने क्या कहा था?
डेविड धवन ने कुछ दिन पहले बॉलीवुड हंगामा को दिए इंटरव्यू में कहा था कि उनकी और राकेश बेदी की दोस्ती 50 साल पुरानी है। उनकी कई फिल्मों में राकेश ने काम किया है। आगे एक्टर ने धुरंधर की सफलता के बाद बदले मिजाज को लेकर कहा था, “आप उनका स्पार्क और जिस तरह से वह अब चलते हैं, देख सकते हैं। ‘यार तेरी चाल बदल गई, हमारी बात होती रहती है।’ वह मेरे क्लासमेट हैं, FTII में हमारी रैगिंग भी हुई थी। यह कमाल है।”





