मौदहा। नगर के तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आए पांच दर्जन से अधिक मामलों में केवल आठ मामलों का निस्तारण मौके पर हो सका। समाधान दिवस में आने वाले फरियादी मामलों का समय रहते निस्तारण न होने से फरियादियों का समाधान दिवस की कार्यप्रणाली से विश्वास उठता जा रहा है। नगर के तहसील परिसर पर स्थित सभागार भवन में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी करणवीर सिंह ने की। इस मौके पर कुल 68 फरियादी मामले आए। जिनमें केवल आठ मामलों का निस्तारण मौके पर हो सका।
सबसे अधिक मामले भूमि पर कब्जे, पेयजल व पुलिस से संबंधित रहे। इस मौके पर ग्राम खंडेह के एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या को लेकर उप जिलाधिकारी से समस्या के निदान की मांग की। नगर के मोहल्ला रागौल निवासी रुखसार बानो पत्नी नईमुद्दीन ने बताया कि दबंगों ने उसकी कृषि योग्य भूमि पर कब्जा कर रखा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बिहुनी कला निवासी चंद्र प्रकाश पुत्र राजेंद्र कुमार ने बताया कि उसके खेत तक जाने के लिए चक रोड पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है।
समाधान दिवस में शिकायत करने के बावजूद भी आज तक दबंग का कब्जा बरकरार हैः इसी प्रकार ओम बाबू पुत्र मन्ना प्रसाद निवासी पिपरौंदा ने बताया कि एक पखवारे पूर्व आए आंधी तूफान में उसके खेत में लगा ट्रांसफार्मर फुंक गया था। उसने उप जिलाधिकारी से नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की है। इधर ग्राम परसदवा डेरा के एक दर्जन ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी को बताया कि छानी से लेकर डेरा तक खरंजा निर्माण किया जा रहा है जो दो माह से बंद है।
उन्होंने उक्त निर्माण कार्य शुरू कराने के साथ-साथ निर्माण कार्य की जांच करने की मांग की है। हालांकि उप जिलाधिकारी ने उनका प्रार्थना पत्र स्वीकार न कर उन्हें सीडीओ से मिलने की सलाह दी है। इसी प्रकार अन्य फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख उनके निदान के लिए गुहार लगाई। इस मौके पर तहसीलदार शिखर मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी राज कुमार पांडेय समेत क्षेत्र के आला अधिकारी मौजूद रहे।





