आलापुर अम्बेडकरनगर राजकीय हाई स्कूल जहाँगीरगंज में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व समारोह कई कार्यक्रमों के साथ उत्साह पूर्वक मनाया गया। जिले के शिक्षा विभाग के मुखिया जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी के अयोजकत्व/निर्देशन में आयोजित समारोह का शुभारम्भ अतिथि रूप में उपस्थित राजकीय हाई स्कूल रामगढ़ के प्रधानाचार्य यदुनाथ प्रसाद यादव, राजकीय हाई स्कूल जहाँगीरगंज के प्रधानाचार्य सुरेश लाल श्रीवास्तव द्वारा शिक्षक/शिक्षिकाओं के साथ माँ सरस्वती तथा सोमनाथ मन्दिर की प्रतिमा और आज़ादी के बाद मन्दिर के पुनर्निर्माण की पहल करने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल एवं पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने पर 11 मई 1951 को प्राण प्रतिष्ठा का कार्य सम्पन्न करने वाले तत्कालीन भारत के राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पित करते हुए की गई।
समारोह को सम्बोधित करते हुए सोमनाथ की ऐतिहासिकता पर प्रकाश डालते हुए प्रधानाचार्य सुरेश लाल श्रीवास्तव ने बताया कि गुजरात के सौराष्ट्र में वेरावल के पास प्रभास पाटन में कपिला, हिरण एवं सरस्वती के संगम पर स्थित सोमनाथ मंदिर 12 पवित्र शिवज्योतिर्लिंगों में से पहला ज्योतिर्लिंग है। जनवरी 1026 में महमूद गजनवी द्वारा मंदिर के विध्वंस के बाद सर्वप्रथम सोलंकी वंश के राजा भीमदेव प्रथम ने पत्थर से इसका पुनर्निर्माण कराया था।मन्दिर को महमूद गजनवी के अलावा अलाउद्दीन ख़िलजी और औरंगजेब ने क्षति पहुँचाई थी।
भारत की राष्ट्रीय जीवनधारा की प्रतीक सोमनाथ कट्टरता पर आस्था, विनाश पर सृजन और भारतीय सभ्यता की शाश्वतता का प्रतीक है।समारोह को शिक्षक राम जतन वर्मा, प्रदीप कुमार अजय वर्मा, दीपक सिंहऔर शिक्षिका मयंक राय ने भी सम्बोधित किया गया।समारोह अवसर पर आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व आधारित निबन्ध लेखन में सत्यम,अनुराग व मीनाक्षी तथा क्विज़ प्रतियोगिता में आकांक्षा,नैन्सी तथा अनन्या ने बाजी मारी,जबकि रंगोली में अंशिका एवं अंकिता तथा पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रिया सहाय व आर्या का सराहनीय प्रदर्शन रहा।विजयी प्रतिभागियों को प्रधानाचार्य ने पुरस्कृत करते हुए सम्मानित किया।समारोह के मौके पर प्रधानाचार्य सुरेश लाल श्रीवास्तव के प्रकाशित साझा काव्य संग्रह काव्यांगन,शब्दाम्बर और इतनी सी ख़्वाहिशें का विमोचन किया गया।





