यूरोपियन टी-20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) ने भारतीय क्रिकेट दिग्गज राहुल द्रविड़ को डबलिन गार्डियंस टीम का मालिक घोषित किया है। यह लीग 2026 में शुरू होगी और राहुल द्रविड़ की टीम छह फ्रेंचाइजी में से एक है।
Rahul Dravid T20 Team: यूरोपियन टी-20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) ने सोमवार को भारतीय क्रिकेट दिग्गज राहुल द्रविड़ को डबलिन गार्डियंस टीम का मालिक घोषित किया। इसके साथ ही लीग ने अपने छह फ्रेंचाइजी को 2026 में होने वाले बहुप्रतीक्षित लांच से पहले पूरा कर लिया।
डबलिन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ईटीपीएल ने अपनी छह टीमों की फ्रेंचाइजी लाइनअप पूरी की, जहां राहुल द्रविड़ को आधिकारिक तौर पर डबलिन फ्रेंचाइजी के मालिक के रूप में पेश किया गया।
डबलिन गार्डियंस टीम के मालिक बने राहुल द्रविड़
इस कार्यक्रम में ग्लासगो फ्रेंचाइजी के विपुल अग्रवाल, रॉटरडैम फ्रेंचाइजी के जोंटी रोड्स और मधुकर श्री सहित अन्य मालिक मौजूद रहे।
इसके अलावा ईटीपीएल के सह-संस्थापक अभिषेक बच्चन, सौरव बनर्जी, प्रियंका कौल और धीरज मल्होत्रा भी शामिल हुए। कार्यक्रम में यूरोपीय क्रिकेट के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें क्रिकेट आयरलैंड के चेयरमैन ब्रायन मैकनीस, सीईओ सारा कीन, क्रिकेट नीदरलैंड्स के हाई परफार्मेंस निदेशक रोलैंड लेफेब्रे और क्रिकेट स्कॉटलैंड की सीईओ ट्रूडी लिंडब्लेड शामिल थीं।
बता दें कि भारत के पूर्व ऑलराउंडर आर अश्विन गार्डियंस टीम की कप्तानी करेंगे, जो बेलफास्ट, एडिनबर्ग, ग्लासगो, रॉटरडैम और एम्स्टर्डम की टीमों से भिड़ेगी। इस लीग में मिचेल मार्श, टिम डेविड, मिचेल सेंटनर, लियाम लिविंगस्टोन, ग्लेन मैक्सवेल, फाफ डु प्लेसिस, हेनरिक क्लासेन समेत कई इंटरनेशनल स्टार्स के खेलने की उम्मीद है। पहला सीजन 26 अगस्त से 20 सितंबर के बीच खेला जाएगा।





