हमीरपुर। जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने दीप प्रज्ज्वलित एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, बैंक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने बैंक एवं विभागीय अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अधिकाधिक मामलों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण में सक्रिय भूमिका निभाएं, जिससे आमजन को त्वरित, सुलभ एवं प्रभावी न्याय मिल सके।
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय प्रभु नारायण पाण्डेय ने कहा कि पारिवारिक मामलों में समझौता किसी की हार या जीत नहीं, बल्कि रिश्तों और पारिवारिक सौहार्द की जीत होती है। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल ने राष्ट्रीय लोक अदालत को न्याय और सामाजिक सौहार्द का महापर्व बताते हुए सभी अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से अधिकाधिक मामलों के निस्तारण में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में मोटर दुर्घटना अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अरुण कुमार मल्ल, प्रोग्रेसिव बार के अध्यक्ष मनीराम वर्मा, जिला अधिवक्ता संघ के महामंत्री अश्वनी कुमार प्रजापति, लोक अदालत के नोडल अधिकारी राजीव कुमार द्वितीय सहित अनेक न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान जनपद के विभिन्न न्यायालयों में कुल 4375 वादों का निस्तारण किया गया, जबकि राजस्व विभाग द्वारा 11208 मामलों का निपटारा किया गया। वहीं विभिन्न बैंकों के 417 प्रीलिटिगेशन मामलों का भी समझौते के आधार पर समाधान कराया गया। इस प्रकार कुल 16188 मामलों का निस्तारण हुआ।
लोक अदालत के माध्यम से न्यायालय, बैंक एवं राजस्व विभागों में कुल लगभग 4 करोड़ 42 लाख रुपये की धनराशि समझौते के रूप में प्राप्त हुई। कई वर्षों से लंबित एक जमीनी विवाद का भी आपसी सहमति से निस्तारण कराया गया, जिससे दोनों पक्षों में संतोष और खुशी देखने को मिली। परिवार न्यायालय में भी कई पति-पत्नी के विवाद आपसी समझौते के आधार पर समाप्त कराए गए।
न्यायालय परिसर में बनाए गए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। अधिवक्ताओं, पक्षकारों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक फोटोग्राफी कर आयोजन की यादों को संजोया। इसके अलावा कृषि विभाग, चिकित्सा विभाग, मिशन शक्ति, एक जिला एक उत्पाद एवं एक जनपद एक व्यंजन समेत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल भी लगाए गए।





