बांसी सिद्धार्थनगर। शनिवार को महान हिंदू शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की जयंती के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के तत्वावधान में बजरंग दल द्वारा श्री ठाकुर द्वारा राम जानकी मंदिर परिसर में ‘बालोपासना प्रतिज्ञा सभा’ का भव्य आयोजन किया गया।संपूर्ण समाज के प्रेरणास्त्रोत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रत्यूष अमर ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल क्षत्रिय समाज के ही नहीं, बल्कि संपूर्ण हिंदू समाज के गौरव और हिंदवी वीर योद्धा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा महाराणा प्रताप एक ऐसे महामानव थे जिन्होंने 15वीं शताब्दी में जीवित रहकर हिंदुत्व एवं राष्ट्र रक्षा का अनुपम कार्य किया।
आज वे एक ऐसी ऊर्जा के रूप में हमारे बीच विद्यमान हैं, जो सनातन योद्धाओं को निरंतर पौरुष और स्वाभिमान का ज्ञान दे रहे हैं।जिला मंत्री धर्मेंद्र गुरुजी ने संगठन के आगामी लक्ष्यों पर प्रकाश डालते हुए घोषणा की कि विश्व हिंदू परिषद प्रत्येक वर्ष महाराणा प्रताप जयंती को ‘बालोपासना प्रतिज्ञा सभा’ के रूप में मनाएगा, ताकि युवा पीढ़ी शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बन सके।
जिला सह संयोजक राहुल जी ने बताया कि बांसी नगर एवं प्रखंड संयोजक शुभम त्रिपाठी के नेतृत्व में मिठवल के कार्यकर्ताओं ने विशेष उत्साह दिखाया। इस अवसर पर 21 कार्यकर्ताओं ने प्रतिदिन बालोपासना (व्यायाम/योग) करने का संकल्प लिया।कार्यकर्ताओं ने नशा मुक्ति हेतु समाज में कार्य करने की सामूहिक प्रतिज्ञा की।संगठन का उद्देश्य आगामी वर्षों में इस संकल्प लेने वाले युवाओं की संख्या में निरंतर वृद्धि करना है।इस गरिमामयी अवसर पर संगठन के विभिन्न पदाधिकारी, प्रबुद्ध जन और भारी संख्या में ऊर्जावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





