महिलाओं से संबंधित प्रकरण का प्राथमिकता पर निस्तारण सुनिश्चित कराई जाने का दिया निर्देश -महिला आयोग
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा जिला कारागार, चौकाघाट का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के सदस्य गीता विश्वकर्मा द्वारा किया गया।निरीक्षण के दौरान जिला कारागार की महिला बैरक में निरुद्ध महिला बंदियों एवं उनके साथ आवासित बच्चों को मिष्ठान, फल तथा बच्चों हेतु खिलौनों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर माननीय सदस्य द्वारा महिला बंदियों के कौशल विकास एवं पुनर्वास के दृष्टिगत प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाने हेतु जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि जो महिलाएं किसी भी प्रकार की आय अर्जित कर रही हैं, वे अपनी आय स्वयं सुरक्षित रखें तथा आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनने की दिशा में आगे बढ़ें।
जिला कारागार निरीक्षण उपरांत सर्किट हाउस स्थित सभागार में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। बताया गया कि, गुरुवार को जनसुनवाई में कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 05 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। प्राप्त प्रकरणों में भूमि विवाद से संबंधित मामलों की संख्या अधिक रही। इसके अतिरिक्त महिला उत्पीड़न, नौकरी के नाम पर धनराशि लिए जाने, मकान पर अवैध कब्जा तथा उपचार संबंधी प्रकरण भी प्राप्त हुए।
माननीय सदस्य, राज्य महिला आयोग द्वारा समस्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु अग्रसारित किया गया। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों से उनके विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी प्राप्त की गई। बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने हेतु जमीनी स्तर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन तथा उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से उपस्थित अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु निर्देशित किया गया। आज शुक्रवार को कौशल विकास मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता चौपाल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में पुलिस विभाग द्वारा साइबर अपराध से बचाव एवं जनजागरूकता हेतु पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया।
बैठक में शिवानी सिंह, एसीएम प्रथम, नम्रता श्रीवास्तव, अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध, डी.के. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी, राजन सिंह, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक, महिला कल्याण विभाग से निरूपमा सिंह संरक्षण अधिकारी, रशीदा बेगम उर्दू अनुवादक, रेखा श्रीवास्तव, प्रियंका राय हब फॉर वूमेन एम्पावरमेंट वन स्टॉप सेंटर से प्रियंका, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से पी.एल.वी., स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा पिछड़ा कल्याण विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





