उरई (जालौन)।नवीन गल्ला मंडी के सामने परिवहन विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़कों पर नियमों की अनदेखी कर रहे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान दो ट्रैक्टर बिना परमिट के चलते पाए गए, जिनमें आगे खुरपा लगाकर सड़क पर संचालन किया जा रहा था। यह देख परिवहन अधिकारी विनय पांडे ने तत्काल दोनों ट्रैक्टरों को रुकवाया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रत्येक पर 15-15 हजार रुपये का चालान किया।
इसी दौरान एक ऑटो टेंपो भी बिना फिटनेस के संचालित होता मिला, जिसे मौके पर ही रोककर 11 हजार रुपये का चालान किया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई चालक मौके से रास्ता बदलते नजर आए।परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के परमिट व फिटनेस समेत सभी दस्तावेज दुरुस्त रखें।





