मदद और न्याय का दिलाया भरोसा
फतेहपुर। जनपद के खागा थाना क्षेत्र के ईंट गांव में 24 अप्रैल को युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद सियासत तेज हो गई है। मामले में समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़िता के घर पहुंचा और परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि ईंट गांव निवासी युवती के साथ उसके मंगेतर के सामने वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में दो दिन बाद पुलिस ने एफआईआर संख्या 115/26 दर्ज की, जिसमें दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठे, जिसके बाद विभागीय स्तर पर सख्ती देखने को मिली।
इसी बीच अखिलेश यादव की पार्टी समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गांव पहुंचा। इस दौरान अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा भी मदद को हाथ बढ़ाया और प्रदेश उपाध्यक्ष एवं युवा प्रभारी चौधरी राजेश यादव ने पांच हजार रुपए की आर्थिक मदद करते हुए आगे हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। सपा के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता, उसके परिजनों और मंगेतर से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार पर केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर मामले में दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए और किसी भी तरह की दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और न्यायिक लड़ाई में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। नेताओं ने कहा कि पार्टी पीड़िता के साथ खड़ी है और उसे न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
इस दौरान जिला महासचिव चौधरी मंजर यार, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. अफसर अली, नगर अध्यक्ष एडवोकेट शिव सिंह यादव, प्रवक्ता एडवोकेट जगदीश सिंह, चेयरमैन एडवोकेट राजकुमार मौर्य, पूर्व प्रत्याशी रामतीरथ परमहंस, छात्र सभा प्रदेश उपाध्यक्ष परवेज आलम, युवजन सभा जिला महासचिव अंकित यादव, छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव नरेश कोरी, महिला सभा प्रदेश सचिव रत्नेश रत्ना सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। फिलहाल इस मामले को लेकर जिले में राजनीतिक बयानबाजी तेज है और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।





