अभिनेता रितेश देशमुख स्टारर फिल्म राजा शिवाजी की एडवांस बुकिंग कलेक्शन की ताजा रिपोर्ट सामने आ रही है।
पीरियड ड्रामा फिल्म राजा शिवाजी की चर्चा लंबे समय से चल रही है। हाल ही में अभिनेता रितेश देशमुख स्टारर इस मूवी की एडवांस बुकिंग का एलान हुआ था। जल्द ही ये फिल्म पैन इंडिया रिलीज के साथ सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
इस बीच राजा शिवाजी की एडवांस बुकिंग कलेक्शन की रिपोर्ट सामने आ रही है, जिसके तहत ये अनुमान लगाया जा रहा है कि रितेश की ये मूवी मराठी सिनेमा के इतिहास को बदलती हुई नजर आ सकती है। आइए जानते हैं कि रिलीज से पहले रितेश देशमुख की राजा शिवाजी ने कितनी कमाई कर ली है।
एडवांस बुकिंग में छाई राजा शिवाजी
महान मराठी योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की बायोपिक के तौर पर हर कोई रितेश देशमुख की राजा शिवाजी की रिलीज का इंतजार कर रहा है। इस मूवी को 1 मई 2026 को थिएटर्स में रिलीज किया जाएगा। मूल रूप से मराठी फिल्म होने के बावजूद हिंदी बेल्ट में भी राजा शिवाजी को लेकर जबरदस्त क्रेज नजर आ रहा है। जिसका अंदाजा आप इसकी एडवांस बुकिंग के जरिए आसानी से लगा सकते हैं।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार अब तक राजा शिवाजी ने एडवांस बुकिंग में 1 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है, जोकि रितेश देशमुख की पिछली हिट मराठी फिल्म वेद से लगभग तीन गुना अधिक है। गौर किया जाए राजा शिवाजी की टिकटों की एडवांस बुकिंग की तरफ तो ब्लॉक सीट्स के साथ अब तक 24 हजार से ज्यादा की टिकटों सेल हो चुकी हैं।
इन आंकड़ों को देखकर ये साफ कहा जा सकता है कि राजा शिवाजी सही मायनों में मराठी सिनेमा के लिए सफलता का एक नया अध्याय लिखती हुई नजर आ सकती है। बता दें कि 1 मई को महाराष्ट्र दिवस मनाया जाता है, उसको मद्देनजर रखते हुए राजा शिवाजी ओपनिंग डे पर बंपर कलेक्शन करती हुई दिखाई दे सकती है।
एडवांस कलेक्शन में अव्वल ये मराठी फिल्म
बात की जाए मराठी सिनेमा की उस फिल्म के बारे में जिसने एडवांस बुकिंग में सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड बनाया है तो वह रोमांटिक फिल्म सैराट है, जिसने रिलीज से पहले 3 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया था। ये फिल्म मराठी फिल्म इंडस्ट्री की ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर भी मानी जाती है।





