अम्बेडकरनगर आगामी जनगणना को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनगणना कार्य को सुचारु और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) व जिला जनगणना अधिकारी ज्योत्सना बंधु के साथ तहसील अकबरपुर स्थित बीएनकेबी महाविद्यालय और तहसील भीटी के राम लखन पीजी कॉलेज में चल रहे सुपरवाइजर एवं प्रगणकों के प्रशिक्षण का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, कार्मिकों की सहभागिता और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की।
उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मचारियों से संवाद कर जनगणना के महत्व को समझाया और कहा कि यह केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। सटीक आंकड़ों के आधार पर ही शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क, बिजली और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं की रूपरेखा तैयार होती है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण को सरल, व्यवहारिक और स्पष्ट बनाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के बाद टेस्ट आयोजित किया जाएगा, जिसमें 70 प्रतिशत से कम अंक पाने वाले कार्मिकों को पुनः प्रशिक्षण दिया जाएगा।सुविधाओं का भी लिया जायजा निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण केंद्रों पर भोजन एवं नाश्ते की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, प्रतिदिन जांच कराने और महिला प्रगणकों के छोटे बच्चों के लिए आंगनबाड़ी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों को डिजिटल उपकरणों, प्रपत्रों और नवीन मॉड्यूल की पूरी जानकारी देने पर जोर दिया गया।
इस तारीख से शुरू होगा कार्य
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित होगा, जिसमें मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा। इससे पहले 7 मई से 21 मई तक नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके माध्यम से लोग स्वयं ऑनलाइन अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे।
उन्होंने आमजन से अपील की कि स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।





