Monday, April 20, 2026
spot_img
HomeUttar PradeshAzamgarhड्यूटी के साथ सेहत और परिवार का संबल: पुलिस लाइन में वामा...

ड्यूटी के साथ सेहत और परिवार का संबल: पुलिस लाइन में वामा सारथी की अनूठी पहल

4500 वर्गफीट में अत्याधुनिक जिम व योगा केंद्र से बढ़ेगी फिटनेस

लाइब्रेरी से मिलेगा मानसिक सुकून और ज्ञान का विस्तार

आजमगढ़:अपनी सेहत की परवाह किए बिना दिन-रात कर्तव्य पथ पर डटे रहने वाले पुलिस कर्मी। वहीं, छोटे-छोटे बच्चों की चिंता को मन में समेटे ड्यूटी निभाने वाली महिला पुलिस कर्मी। इन दोनों ही परिस्थितियों की संवेदनशीलता को समझते हुए पुलिस परिवारों के जीवन में संतुलन और सहूलियत लाने का सराहनीय प्रयास जनपद आजमगढ़ में देखने को मिला है, जहां वामा सारथी संस्था ने एक नई सोच को साकार रूप दिया है।

आज पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र आजमगढ़ श्री सुनील कुमार सिंह व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मीनाक्षी सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार व उनकी धर्मपत्नी दीपशिखा द्वारा पुलिस लाइन परिसर में करीब 4500 वर्गफीट क्षेत्रफल में अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित जिम और योगा केंद्र, अत्याधुनिक क्रेश, पुस्तकालय का फीता काटकर उद्घाटन किया गया।

यह सुविधा न केवल पुलिस कर्मियों की शारीरिक फिटनेस को सुदृढ़ करेगी, बल्कि तनावपूर्ण ड्यूटी के बीच उन्हें मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी मददगार साबित होगी। इसके साथ ही एक समृद्ध लाइब्रेरीका निर्माण किया गया है, जो ज्ञानार्जन के साथ-साथ मानसिक शांति का भी केंद्र बनेगी। वहीं, महिला पुलिस कर्मियों की सबसे बड़ी चिंता—उनके छोटे बच्चों की देखभाल—को ध्यान में रखते हुए *डे-केयर सेंटर(क्रेश) की व्यवस्था की गई है। यह पहल उन्हें निश्चिंत होकर अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आत्मविश्वास प्रदान करेगी।

इन सभी प्रयासों के केंद्र में जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की दूरदर्शी सोच और संवेदनशील नेतृत्व स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है। पुलिस कर्मियों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके द्वारा उठाए जा रहे ये कदम न केवल पुलिस बल के मनोबल को ऊंचा उठा रहे हैं, बल्कि पुलिस परिवारों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं।
वामा सारथी की यह पहल आजमगढ़ में एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरी है, जहां कर्तव्य के साथ-साथ स्वास्थ्य, परिवार और संवेदनाओं को भी समान महत्व दिया जा रहा है।

तत्पश्चात जनपद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही रिक्रूट महिला आरक्षियों के सम्मान में आयोजित “बड़ाखाना”कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र, श्री सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, डॉ0 अनिल कुमार द्वारा सपत्नीक सहभागिता करते हुए रिक्रूट महिला आरक्षियों को अपने हाथों से भोजन परोसा गया तथा उनके साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा सभी रिक्रूट आरक्षियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।

उक्त कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री चिराग जैन व उनकी धर्म पत्नी श्रीमती मोहित जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात श्री विवेक त्रिपाठी सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, प्रशिक्षणरत महिला रिक्रूट आरक्षी, अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular