आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शासन से नामित सदस्यों को माला एवं शॉल भेंटकर किया गया सम्मानित
महोबा। नगर पालिका परिषद के सभागार में आयोजित शपथग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शासन से नामित पांच सदस्यों को माला पहनाकर शॉल भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में उजिलाधिकारी सदर ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर अतिथियों ने भाजपा सरकार के कराए गए जनकल्याणकारी कार्यो की जानकारी दी, इसके अलावा नगर पालिका के विकास पर अपने विचार व्यक्त किए।
नगर पालिका महोबा में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नामित सदस्य साधना तिवारी, तुलसीदास सविता, शंकर बाल्मीकि, गनेशी अनुरागी और अश्वनी पाटकार को उपजिलाधिकारी सदर शिवध्यान पाण्डेय ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी और नामित सदस्यों को माला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह को सम्बोधित करते हुए सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक समरसता बनाये रखते हुए प्रदेश के विकास को तीव्रगति दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ही नहीं समूचे देश में सड़ग मार्ग एवं रेलमार्ग का चहुमुंखी विकास हो रहा है जिससे आवागमन सुगम हो गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने कहा कि नगर पालिका नगर के विकास को गति दे रही है जिसके परिणाम स्वरूप नगर में सीसी, इंटरलॉकिंग सड़क, नाला नालियों, मार्ग प्रकाश व्यवस्था और दुकानों आदि का निर्माण हो रहा है। सरकार पालिका का विकास करने के लिए विभिन्न योजनाओं में धनावंटन किया जा रहा है जिससे विकास और भी गति मिल रही है। शपथग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीतू श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार, मंडल अध्यक्ष पुष्पेन्द्र गुप्ता सहित भाजपा कार्यकारिणी के पदाधिकारी और सम्मानित सभासदग उपस्थित रहे।





