Wednesday, April 15, 2026
spot_img
HomeLucknowखुशखबरी! 'विश्व धरोहर सप्ताह' पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग दे रहा इनाम...

खुशखबरी! ‘विश्व धरोहर सप्ताह’ पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग दे रहा इनाम जीतने का मौका, बस करना होगा ये काम

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने विश्व धरोहर सप्ताह पर ‘यूपी हेरिटेज थ्रू माई लेंस’ और ‘शेयर योर पर्सनल ट्रेजर’ अभियान शुरू किए हैं। लोग ऐतिहासिक स्थलों और पुरानी वस्तुओं की फोटो-वीडियो भेजकर पुरस्कार जीत सकते हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर दो खास अभियान शुरू किए हैं, जिनका उद्देश्य लोगों को अपनी स्थानीय विरासत से जोड़ना है। इन अभियानों में आम लोग भी आसानी से हिस्सा ले सकते हैं।

पहला अभियान ‘यूपी हेरिटेज थ्रू माई लेंस’ है। इसमें लोग अपने आसपास के किसी पुराने या कम प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थल, मंदिर, मेला, किला या तीर्थस्थल की फोटो या वीडियो बनाकर भेज सकते हैं। दूसरा अभियान ‘शेयर योर पर्सनल ट्रेजर’ है।

इसके तहत लोग अपने घरों में रखी पुरानी और खास वस्तुओं जैसे सिक्के, चिट्ठियां, आभूषण, बर्तन, गुल्लक या पुराने ताले की तस्वीर या वीडियो साझा कर सकते हैं। अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि इन अभियानों से छिपी हुई स्थानीय विरासत सामने आएगी और उन्हें पर्यटन नक्शे पर पहचान मिल सकेगी।

चुनी गई बेहतरीन प्रविष्टियों को पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही ‘पर्सनल ट्रेजर’ श्रेणी की कुछ वस्तुएं राज्य संग्रहालय में प्रदर्शित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अंतिम तारीख 18 अप्रैल है। इच्छुक लोग पर्यटन की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

गायन, नाट्य मंचन और विशेष प्रस्तुतियों से गूंजेगा लखनऊ

संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर 14 अप्रैल को राजधानी लखनऊ में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके जरिये बाबा साहेब के विचारों समानता, स्वतंत्रता और मानवाधिकार को आम लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।

उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग ने इसके लिए खास तैयारियां की हैं। शहर के कई प्रमुख स्थलों पर गायन, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। आंबेडकर महासभा में राम निवास पासवान और रितेश कुमार अपनी गायन प्रस्तुति देंगे। वहीं आंबेडकर मेमोरियल में पोरस राम (गाजीपुर), दिनेश कुमार (लखनऊ), त्रिभुवन भारती (मऊ), श्यामजीत सिंह (लखीमपुर खीरी) और पारस नाथ सरोज (प्रतापगढ़) समेत कई कलाकार प्रस्तुति देंगे।

अर्चना प्रजापति और संजय यादव भी कार्यक्रम में रंग भरेंगे। सामाजिक विषयों पर आधारित नाट्य मंचन में लखनऊ के विपिन कुमार और उन्नाव के योगेन्द्र पाल अपनी टीम के साथ प्रस्तुति देंगे। मुंबई से आए कलाकार सचिन वाल्मीकि भी विशेष प्रस्तुति देंगे। वहीं डॉ. आंबेडकर विश्वविद्यालय में मध्य प्रदेश की कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular