हाटा कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर विरैचा का मामला
कुशीनगर। हाटा कोतवाली क्षेत्र में बच्चे के अपहरण व हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आठ दिनों के भीतर विवेचना पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना हाटा क्षेत्र के हनुमान नगर, गोपालपुर, विरैचा निवासी राजवीर यादव का 27 मार्च 2026 को पैकोली चौराहे से अपहरण कर लिया गया था। इस संबंध में वादी आदित्य यादव की तहरीर पर थाना हाटा में मुकदमा संख्या 128/2026 दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस व सर्विलांस टीम को लगाया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डब्लू गौड पुत्र गामा गौड निवासी हनुमान नगर, गोपालपुर, विरैचा की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने राजवीर यादव की गमछे से गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर रधिया देवरिया नहर के किनारे मूंज की झाड़ियों से शव बरामद किया गया।पुलिस ने मामले में धारा 103(1)/238 बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए डीएनए सैंपलिंग, सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर व गवाहों के बयान सहित समस्त वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। निरीक्षक हरेराम सिंह यादव द्वारा विवेचना पूर्ण कर मात्र आठ दिनों के भीतर 4 अप्रैल 2026 को आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया गया।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।





