इटावा। एमनीव विज़न स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारम्भ के अवसर पर विद्या शुभारम्भ कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया।इस पावन अवसर पर नन्हे विद्यार्थियों ने सबसे पहले माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना कर अपने ज्ञानार्जन की यात्रा की मंगल शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मंदिर में जाकर माँ सरस्वती का आशीर्वाद प्राप्त किया।इसके बाद बच्चों ने अपने बारे में छोटी-छोटी बातें साझा कीं और अपने शिक्षकों के बारे में भी जाना।
इस गतिविधि से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ा और विद्यालय के प्रति अपनापन भी विकसित हुआ।इस विशेष अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से छोटे बच्चों को एक अनोखा और आकर्षक उपहार एमनीव एक्सप्रेस के रूप में प्रदान किया गया।‘एमनीव एक्सप्रेस’ एक सुंदर टॉय ट्रेन है,जिसे विशेष रूप से बच्चों के आनंद और सीखने के लिए विद्यालय में स्थापित किया गया।ट्रेन को विद्यालय में शुरू करने से पहले विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

जब बच्चों ने एमनीव एक्सप्रेस को देखा तो उनका उत्साह मानो आसमान छूने लगा।नन्हे विद्यार्थियों ने इस टॉय ट्रेन में बैठकर सफर का आनंद लिया और बेहद खुश नजर आए। यह उपहार बच्चों के लिए न केवल मनोरंजन का साधन बना,बल्कि विद्यालय आने के प्रति उनका उत्साह भी और बढ़ा। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा की शुरुआत यदि आनंद और उत्साह के साथ हो तो बच्चे सीखने के प्रति अधिक प्रेरित होते हैं।
ऐसे नवाचारपूर्ण प्रयास बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में विद्यालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोज श्रीवास्तव, शिक्षकगण तथा अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे और उन्होंने बच्चों के साथ इस सुखद पल को साझा किया। एमनीव एक्सप्रेस बच्चों के लिए एक यादगार उपहार बनकर सामने आई, जिसने उनके पहले विद्यालय दिवस को और भी रोमांचक और आनंदमय बना दिया।





