हरदोई जनपद के बिलग्राम कस्बे स्थित मंशा नाथ मंदिर परिसर में मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिशन शक्ति टीम द्वारा गांव व कस्बे की महिलाओं को एकत्रित कर चौपाल लगाई गई, जिसमें उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को पंपलेट वितरित कर हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1930, 181, 108, 102 आदि के बारे में अवगत कराया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के तरीके समझाए गए और साइबर हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता बताई गई।
छोटी बालिकाओं को ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में जागरूक किया गया, वहीं महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपाय भी सिखाए गए। टीम ने सभी को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर हेड कांस्टेबल रंजीत कुमार, महिला आरक्षी शक्ति चौहान व महिला आरक्षी सीमा मौजूद रहीं।





