महोबा। नवागत पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह ने बुधवार को पुलिस कार्यालय महोबा स्थित समस्त शाखाओं का गहन एवं विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों—जैसे अपराध शाखा, अभिलेखागार, जनसुनवाई प्रकोष्ठ, सीसीटीएनएस कक्ष तथा अन्य प्रशासनिक इकाइयों—का बारीकी से अवलोकन किया।
पुलिस अधीक्षक महोबा द्वारा अभिलेखों के संधारण, पत्रावलियों के निस्तारण, लंबित प्रकरणों की स्थिति एवं कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा अभिलेखों का सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, जनशिकायतों के प्रति संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोबा ने साफ-सफाई, अभिलेखों की सुव्यवस्था एवं कार्यालय के अनुशासन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस कार्यालय की कार्यकुशलता सीधे तौर पर आमजन के विश्वास से जुड़ी होती है। उन्होंने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को पूर्ण मनोयोग, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक शाखा अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए बेहतर समन्वय स्थापित करे, जिससे पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके। अंत में पुलिस अधीक्षक महोबा द्वारा सभी अधिकारियों,कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने एवं जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।





