समिति के संचालन व दायित्व के बारे में दी गई जानकारी
एकदिवसीय प्रशिक्षण में जुटे विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष व सचिन
डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। बुधवार को परिषदीय विद्यालयों के विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष व सचिव के साथ एकदिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण ब्लॉक संसाधन केंद्र डुमरियागंज के मीटिंग हॉल में शुरू हुआ। प्रशिक्षण का शुभारंभ राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला मंत्री/ अध्यक्ष राकेश कुमार पांडेय व एआरपी शेषराम यादव, रामदयाल की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित करके किया गया। प्रशिक्षण शुभारंभ अवसर पर राकेश कुमार पांडेय ने कहा कि यह प्रशिक्षण एसएमसी के अध्यक्ष व सचिव के लिए काफी महत्वपूर्ण है। विद्यालय संचालन में महत्वपूर्ण जानकारी प्रशिक्षण में दी जानी है। उन्होंने शिक्षकों के समस्याओं को उठाते हुए कहा कि शिक्षक विद्यालय में गैस सिलेंडर की समस्या व आवागमन में पेट्रोल डीजल की समस्या से जूझ रहे हैं।
ऐसे में शिक्षक अगर समय से विद्यालय नहीं पहुंच रहे है तो उन पर कार्रवाई न की जाए। प्रशिक्षण के दूसरे सत्र में अपने संबोधन में खंड शिक्षा अधिकारी डुमरियागंज अशोक कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय विकास में प्रबंध समिति की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। आपसी सामंजस्य व जागरुकता से विद्यालय को बेहतर बनाने में कदम बढ़ाएं। प्रशिक्षण में एआरपी शेषराम यादव ने बाल अधिकार एवं बाल अधिकारों का संरक्षण, निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 तथा उत्तर प्रदेश निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार नियमावली 2011 का परिचय दिया।
एआरपी रामदयाल ने कहा कि निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के अन्तर्गत समुदाय एवं माता-पिता को यह अवसर प्राप्त है कि अपने बच्चों के लिए विद्यालय प्रबन्ध समिति में शामिल होकर विद्यालयों में समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करें। शिक्षा के अधिकार अधिनियम में विद्यालय प्रबन्ध समिति एवं स्थानीय प्राधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालय प्रबन्ध समिति के सदस्यों द्वारा प्रतिदिन विद्यालय में पहुँचकर विद्यालय संचालन में सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इस मौके पर दिनेश सिंह, अखिलेश चौधरी, नसीम अहमद ,नफीस हैदर रिजवी, फ़ज़ल अब्बास, रामविलास यादव, सैयद इम्तियाज हुसैन, नीलम गुप्ता, राहत जहां, मोहम्मद सलीम, अहमद हुसैन फारूकी, तालिब हुसैन, अगेय कुमार गौतम, अहमद सईद, प्रेम प्रकाश चौबे, शिवेश पांडेय आदि लोग मौजूद रहे।





