गोरखपुर। राहत आयुक्त कार्यालय, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद गोरखपुर में सर्पदंश (स्नेक बाइट) की घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर सर्पदंश न्यूनीकरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित कर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की पहल की गई है। कार्यक्रम के प्रथम चरण में जनपद के समस्त चिकित्सा अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया, जबकि द्वितीय चरण में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों एवं फार्मासिस्टों को सर्पदंश से बचाव, पहचान और उपचार संबंधी विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
अब तृतीय चरण में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को प्रशिक्षित करते हुए जनपद की सभी आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान करने की कार्रवाई तेजी से जारी है, जिससे गांव-गांव तक जागरूकता और प्राथमिक उपचार की सुविधा पहुंच सके। इसी क्रम में बुधवार को विकास खंड गगहा के सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार वर्मा एवं सहायक विकास अधिकारी (कृषि) राकेश कुमार ने किया।
इस दौरान प्रिया यादव, पूजा सिंह, पुष्पा चौहान, विकास पुरी, ओंकार, चंद्रसेन, रंजना सहित पंचायत स्तरीय कर्मियों को सर्पदंश से बचाव, प्राथमिक उपचार एवं समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आपदा कार्यालय द्वारा नामित आपदा मित्र अंगद चौरसिया ने सुगमकर्ता के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उपस्थित प्रतिभागियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश से होने वाली मौतों को रोकना तथा समय पर सही उपचार उपलब्ध कराकर जनजीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।





