खिलाड़ियों की मेहनत उन्हें खेल के करियर में आगे ले जाएगी: कनिष्क त्रिपाठी
खेल में सफलता के लिए अनुशासन पहली शर्त : डॉ अमीता सिंह
सोमवार को डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में तीन दिवसीय अमेठी जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। यह बैडमिंटन टूर्नामेंट स्वर्गीय देवी प्रसाद त्रिपाठी की स्मृति में अमेठी बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। 25 मार्च को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न होगा।
अमेठी बैडमिंटन एसोसिएशन की अध्यक्ष एडवोकेट आकांक्षा सिंह हैं। सोमवार को तीन दिवसीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का उद्घाटन स्वर्गीय देवी प्रसाद त्रिपाठी के सुपुत्र व सिंगापुर में इन्वेस्टमेंट बैंकर कनिष्क त्रिपाठी व पूर्व अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी रहीं डॉ अमीता सिंह व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ संजय सिंह के द्वारा किया गया।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी व पूर्व मंत्री डॉ अमीता सिंह ने कहा कि खेल में सफलता के लिए अनुशासन पहली शर्त है, कड़ी मेहनत, लगन व अनुशासन से एक खिलाड़ी निश्चित ही सफलता प्राप्त करता है।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि व सिंगापुर में इन्वेस्टमेंट बैंकर कनिष्क त्रिपाठी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें खुद खेल में बचपन से रुचि रही है। उन्होंने कहा कि पिता के पुण्य स्मृति में आयोजित इस बैडमिंटन टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की मेहनत उन्हें खेल के करियर में आगे ले जाएगी व उनके द्वारा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रयास किया जाएगा।
तीन दिवसीय बैडमिंटन खेल प्रतियोगिता में अंडर 11, 13, 15, 17, 19 व सीनियर ओपन और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एकल, युगल व मिश्रित मुकाबले खेले जाएंगे। सभी आयु वर्ग में युवक , युवती, महिला, पुरुष के अलग-अलग व युगल श्रेणी में मिश्रित मुकाबले होंगे।
स्पर्धा में पुरुष वर्ग के युगल मुकाबले में आलोक और आशुतोष की जोड़ी ने 21 :11, 21 : 19 के अंकों से प्रियांशु गांधी व प्रियांशु गौरव की जोड़ी को हरा दिया। वहीं पुरुष एकल मुकाबले में अंशुमान सिंह ने संजीव को दो सेटों में 21 : 15, 21 :14 अंको से हराकर जीत दर्ज किया। अंडर 15 के गर्ल्स श्रेणी में वैभवी ने वेदांशी को 21:13 वह 21 :10 से हराकर स्पर्धा अपने नाम किया।





