Tuesday, March 24, 2026
spot_img
HomeNationalहफ्ते में सिर्फ दो दिन योग और एक्सरसाइज करके रहें फिट, बुढ़ापे...

हफ्ते में सिर्फ दो दिन योग और एक्सरसाइज करके रहें फिट, बुढ़ापे तक रहेंगे हेल्दी; नई स्टडी में हुआ दावा

स्वस्थ रहने के लिए न तो आपको जिम जाने की जरूरत है और ना ही फैंसी उपकरणों की। यही नहीं आपको रोज घंटों पसीना भी नहीं बहाना है। सप्ताह में दो दिन योग-व्यायाम करके भी आप अपने को फिट रख सकते हैं।

आज की भागमभाग वाली जिंदगी में लोगों की जीवनशैली ऐसी हो गई है कि उनके पास अपनी सेहत का ख्याल रखने के लिए समय ही नहीं होता है। इसका मुख्य कारण यह है कि जब भी सेहतमंद रहने की बात आती है तो लोगों के दिमाग में सबसे पहले यही खयाल आता है कि इसके लिए मुझे रोज जिम जाना पड़ेगा या ढेर सारे अत्याधुनिक उपकरणों की जरूरत पड़ेगी या फिर प्रतिदिन घंटों योग-व्यायाम करना पड़ेगा, लेकिन अब ऐसा नहीं है और आपको परेशान होने की जरूरत भी नहीं है।

आप सप्ताह में केवल दो दिन योग-व्यायाम करके भी फिट रह सकते हैं। दो दिन के योग-व्यायाम से आपको अपनी सेहत में काफी अंतर नजर आएगा।

क्या कहती है नई स्टडी?

हाल ही में अमेरिकन कॉलेज ऑफ स्पोर्ट्स मेडिसिन के जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन से यह पता चला है। इस अध्ययन के लिए करीब 30 हजार वयस्कों का डेटा शामिल किया गया। इन लोगों के डाटा से पता चला है कि योग-व्यायाम के साथ ही साधारण एक्सरसाइज, जैसे स्क्वाट्स, पुश अप्स और घरेलू सामानों को उठाने-धरने जैसी आसान क्रियाएं भी मांसपेशियों की ताकत बढ़ाती हैं।

इसके साथ ही शरीर का संतुलन सही रहता है और चलने-फिरने की गति बेहतर होती है और शरीर लंबे समय तक स्वस्थ बना रहता है। योग-व्यायाम केवल हमारी फिटनेस को ही सही नहीं रखता है, बल्कि यह इस पर भी प्रभाव डालता है कि आप कितनी आसानी से सीढ़ियां चढ़-उतर सकते हैं, घर का सामान बाहर से लाने में या घरेलू सामान लेकर सीढ़ियां चढ़ने में आपकी सांस नहीं फूलती है और न ही थकावट का एहसास होता है। सबसे प्रमुख बात यह है कि बढ़ती उम्र में आप चलने-फिरने में गिरते भी नहीं हैं।

केवल दो दिन का योग और एक्सरसाइज है फायदेमंद

अध्ययन के अनुसार मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज रोज करने की जरूरत नहीं है। सप्ताह में केवल दो दिन की गई ये एक्सरसाइज शरीर को बहुत लाभ पहुंचाती है। अध्ययन में शामिल विज्ञानियों के अनुसार मांसपेशियों मे हरकत लाने वाली क्रियाएं शरीर के लिए बहुत फायदेमंद साबित होती हैं।

हालांकि, लाभ हासिल करने के लिए आपको नियमितता लानी होगी। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आप अपने को और अधिक सेहतमंद रखना चाहते हैं तो योग-व्यायाम को सप्ताह में चार दिन जारी रखने की कोशिश करनी होगी।

मांसपेशियों के लिए जरूरी है एक्सरसाइज

विशेषज्ञों के अनुसार मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज का मतलब है कोई ऐसी एक्सरसाइज साइज जिसमें आपकी मांसपेशियां किसी बाहरी बल या वजन के खिलाफ काम करती हैं अर्थात बाहरी बल आपको खींचे और आपका शरीर उसे खींचे, उदाहरण के लिए जब किसी भारी सामान को उठाते हैं तो उसका बल आपको खींचता है, लेकिन उसे आप अपनी तरफ खींचते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार 20 से 25 मिनट पीठ, घुटनों और कूल्हे की मांसपेशियों पर काम करने से बहुत लाभ मिलता है। आपने अक्सर देखा होगा कि बहुत से लोग रोज टहलते हैं, लेकिन उनकी मांसपेशियां कमजोर ही रहती हैं और वे सामान्य घरेलू काम करने में भी थक जाते हैं। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि केवल चलने भर से मांसपेशियां नहीं मजबूत होती हैं। शरीर को पूरी तरह स्वस्थ रखने के लिए योग-व्यायाम बहुत जरूरी है।

योग भारत की पारंपरिक विद्या है, जो युगों-युगों से संपूर्ण मानवता ही नहीं अपितु संपूर्ण प्रकृति के कल्याण हेतु है। रोग मुक्त, शोक मुक्त, स्वस्थ जीवन योग का नैसर्गिक प्रसाद है।

क्या कहती हैं एक्सपर्ट?

आचार्य प्रतिष्ठा (निदेशक, मोक्षायतन योग संस्थान व अध्यक्ष, भारत योग) कहती हैं- जैसा कि मैंने सदैव कहा है योग साधना को दिया गया एक घंटा बचे हुए 23 घंटों को 46 घंटों में परिवर्तित कर देता है, क्योंकि यह साधक की कार्य करने की क्षमता को सौ गुना बढ़ा देता है। अब निर्भर करता है कि हम कितना समय योग साधना को देते हैं। हालांकि योग को तो पूरा विश्व आज इसके अद्भुत लाभों के कारण अपना ही रहा है, पर विज्ञान की कसौटी पर होने वाले नित नए शोध भी मनुष्य को और प्रेरित करते हैं। इसलिए मेरा हमेशा यही सुझाव रहता है कि सभी योग को अपनाएं और अपने जीवन को आनंदमय बनाएं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular