मौदहा (हमीरपुर)। ईद-उल-फितर के मद्देनजर जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी घनश्याम मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा ने थाना मौदहा क्षेत्र के अंतर्गत प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की प्रमुख मस्जिदों, मीरा तालाब तथा अलाव मैदान सहित अन्य संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने एवं ड्यूटी के दौरान पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें तथा आमजन के साथ समन्वय बनाकर शांति एवं कानून-व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारी से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का भी अवलोकन किया, जिससे निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। इस दौरान उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





